हाथरस। कांशीराम टाउनशिप में चल रही जांच में फर्जीवाड़े का सच लगातार सामने आ रहा है। ब्लाक संख्या 10 से 18 तक में अब तक हुई जांच में न केवल दर्जनों मकान बंद पाए गए हैं, बल्कि कुछ पर अवैध कब्जा तो कुछ फर्जी दस्तावेजों से आवंटित पाए गए हैं। अभी तो टाउनशिप के बहुत से ब्लाकों की जांच बाकी है। अब तक की जांच में पता चला है कि ब्लाक संख्या 10 में 4 मकान बंद हैं, जिसमें से एक मकान एक महिला ने विधवा बनकर लिया है। ब्लाक 11 में भी चार मकान बंद हैं, जिनमें से एक में साइकिल स्टैंड बना रखा है। इसी ब्लाक में एक मकान संख्या 10 ऐसे व्यक्ति के नाम है, जिसने ब्लाक संख्या 25 में भी एक मकान कर्मियों की मिलीभगत से अपने नाम आवंटित करा लिया। ब्लाक 12 में एक मकान खाली है और बाकी चार बंद पड़े हैं। यह सभी लोग अपने पुराने निजी घरों पर ही रह रहे हैं। ब्लाक संख्या 13 में एक व्यक्ति ने दो मकानों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। यह लोेग मकानों के फर्जी आवंटन के खेल में भी शामिल रहे हैं, जबकि इस ब्लाक में भी चार मकान आवंटन के बाद से बंद पड़े हैं। ब्लाक संख्या 14 में एक ऐसी महिला के नाम मकान का आवंटन है, जिसके पास अपना निजी मकान है। इस ब्लाक में भी तीन मकान बंद हैं। ब्लाक संख्या 15 में एक मकान खाली है, लेकिन दलालों ने इस पर फर्जी रूप से कब्जा जमा रखा हैं। यहां भी चार मकान बंद हैं। ब्लाक संख्या 17 में पांच मकान बंद हैं और जिन लोगों के नाम पर यह मकान आवंटित हैं, वह अपने पुराने घरों में रह रहे हैं।