हाथरस। शहर की घनी आबादी की गली सीकनापान में मंगलवार की शाम को एक एक मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान में मजदूर मरम्मत कर रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि मकान स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घायल मकान स्वामी को गंभीर हालत में आगरा भेजा गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय सीकनापान गली निवासी विपिन अग्रवाल पुत्र लखमी चंद अग्रवाल के पुराने मकान में कई दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था। मंगलवार की शाम मकान के छज्जे पर बीम डाला जा रहा था। कई मजदूर वहां काम कर रहे थे और मकान स्वामी भी वहां मौजूद था। इस दौरान अचानक छज्जा अचानक गिर गया। इसके मलबे में एक मजदूर और मकान स्वामी दब गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आनन-फानन मलबे में दबे दोनों को निकाला, लेकिन तब तक मजदूर गीतम सिंह (28 वर्ष) पुत्र भगवान सिंह निवासी नगला अलगर्जी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मकान मालिक को उपचार के लिए आगरा भेज दिया गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी और मजदूर के परिजन मौके पर पहुंच गए। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी और पांच मासूम बच्चों को बिलखते छोड़ा है। हादसे की सूचना पर एसडीएम और सीओ सिटी भी पहुंच गए और घटना के बाबत जानकारी ली।