हरदोई। मां की मौत से दुखी युवक ने जहर खा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मौत हो गई। वहीं एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पहले परिजन शव को अस्पताल में छोड़कर चले गए, पर बाद में लौट आए। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
सुरसा क्षेत्र के खुदुई के नारेंद्र कुमार (18) मजदूरी करते थे। उनकी मां जनका की एक माह पूर्व मौत हो गई थी। पिता रामस्वरूप ने बताया कि उसके चार पुत्रों में नारेंद्र मझिला था और मां का लाड़ला भी था। मां की मौत के बाद से नारेंद्र दुखी रहता था। रविवार सुबह सभी मजदूरी करने गए थे, पर नारेंद्र दोपहर को घर लौट आया और घर में जहर खा लिया। शाम को लौटने पर जानकारी हुई और उसे उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर रात में मौत हो गई। वहीं एक अन्य मामले में कोतवाली देहात ोत्र के मंगोलापुर निवासी मकबूल की पुत्री रिजवाना (18) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए, तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसे लाने वालों ने उसका नाम पता भी नहीं बताया और शव को छोड़कर चले गए। काफी देर तक अस्पताल में शव रखा रहा, पर किसी के न आने पर शव को अज्ञात में शव गृह में रखवा दिया गया। दोपहर बाद रिजवाना का पिता लौट कर आया, तब मृतका की पहचान हुई। उसके पिता का कहना था कि पुत्री की बीमारी से मौत हुई और वह उसे छोड़कर घर से सामान लेने को चला गया था, जबकि डॉक्टरों ने जहर खाने से मौत की बात बताई है। कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।