बिलग्राम/जरौली नेवादा। कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर गांव में बीती रात बालिका को उस वक्त गोली लग गई जब वह दो पक्षों मेें हो रहे विवाद को खड़े होकर देख रही थी। इसी बीच एक पक्ष ने तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद आरोपी फ रार हो गए। बालिका की तहरीर पर दो पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोतवाली क्षेत्र के गंाव धर्मपुर मजरा रामपुर मझियारा निवासी रमेश चंद्र का विवाद गांव केे अश्वनी कुमार और हरी बाबू से चल रहा है। गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे मुर्गा फार्म के पास रमेश अपने जानवरों को पानी पिला रहा था। इसी बीच अश्वनी व हरी बाबू उधर से निकले। बताया जाता है कि दोनों ने रमेश से अभद्र भाषा बोलने लगे, इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोक झाेंक होने लगी। यह विवाद रमेश के पास खड़ी उसकी भांजी सीमा (11) देख रही थी। आरोप है कि अश्वनी के पक्ष से तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीमा की दाहिनी जांघ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।फायर की आवाज सुनते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच मौका पाकर आरोपी फरार हो गए। सीमा के मामा उसे घायल अवस्था में कोतवाली लाए और घटना की जानकारी दी। सीमा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल को उपचार को अस्पताल भेजा। कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।