हरदोई। भीषण गर्मी ने एक महिला की जान ले ली। महिला दिमागी रूप से कुछ परेशान थी और बुधवार की दोपहर घर से चली गई थी। शाम को वह एक पुल के पास पड़ी मिली। आसपास के लोगों के अनुसार वह प्यास से गिर पड़ी और लोगों ने उसे पानी पिलाने का प्रयास भी किया, पर उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कराकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। सुरसा थाना क्षेत्र के टिकारी निवासी जगदीश खेतीबाड़ी करते हैं। जगदीश के पुत्र रामबहादुर ने बताया कि उसकी मां सावित्री देवी (45) दिमागी रूप से कुछ परेशान थीं। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर से बिना बताए गायब हो गईं। खोजबीन के दौरान अंटवा पुल के पास उनका शव पड़ा होने की जानकारी मिलीं। जब परिवार के लोग वहां पर पहुंचे, तो आसपास के लोगों ने बताया कि महिला कहीं जा रही थी। अचानक तेज धूप में गिर पड़ी। जानवर चरा रहे लोगों ने उसे पानी भी पिलाया, लेकिन उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा कराकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। सावित्री के परिवार में पति व तीन पुत्र और एक पुत्री है। हालांकि परिवारी जनों ने उनकी मौत पर कोई भी संदेह नहीं जताया है।