हरदोई। सीबीएससी बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा का गुरुवार को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। शाम को परिणाम घोषित होते ही बच्चे खुशी से झूम उठे। जिले के छह स्कूलों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। सेंट जेम्स स्कूल के चार बच्चों ने ए-वन 10 ग्रेड हासिल किया। वहीं महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय का भी परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।
गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी परचम लहराया। बच्चों की सफलता पर जहां घरों में जश्न का माहौल रहा। वहीं स्कूलों में भी खुशियां मनाई गईं। सेंट जेम्स के 96 बच्चों ने हाई स्कूल परीक्षा में भाग लिया। अर्जुन गौड़, रूपल गुप्ता, सत्यार्थ सिंह और प्राची जिंदल ने ए-वन 10 ग्रेड हासिल किया, जबकि 23 बच्चों ए प्लस हासिल किया। गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के 140 बच्चों में सभी ने सफलता हासिल की। स्कूल प्रधानाचार्य जेके शर्मा ने बताया कि वरुण सिंह चौहान, सूरज तिवारी, निशांक मिश्रा व अविरल गुप्ता ने ए-वन-10 ग्रेड हासिल किया। यहां की अपर्णा बाजपेई ने बेहतर प्रदर्शन किया।
महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में अमन तिवारी ने ए-वन-10 प्रथम स्थान, आशिमा सिंह ने द्वितीय व अर्शिता सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। बच्चों की सफलता पर प्रधानाचार्य पीएन अग्निहोत्री ने बधाई दी। सेंट जेवियर्स स्कूल के 131 बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया। अनुभव शुक्ला, अजीम, मानसी खरे और मानसी पाठक ने बेहतर प्रदर्शन कर सराहनीय अंक हासिल किए। 14 बच्चों ने ए प्लस हासिल किया। 17 बच्चों ने ए टू हासिल किया। यहां का भी परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय में आरती बाजपेई ने बेहतर प्रदर्शन किया। पूरा बहादुर गांव में मनोज बाजपेई की पुत्री आरती बाजपेई ने बेहतर अंक हासिल किए।
कोथावां के रामऔतार गौतम के पुत्र अमित गौतम ने भी उच्च अंक हासिल किए। शाहाबाद के नालंदा विद्यालय का भी परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा और यहां के शावान खां ने सर्वोच्च अंक हासिल किए। 20 बच्चों ने ए- प्लस पाया। बच्चों की सफलता पर घरों में खुशियां छा गईं।