हरदोई। पेट्रोल की कीमत बढ़ते ही भाजपा और सपा के कार्यकर्ता भड़क गए। गुरुवार को अलग-अलग चौराहे पर प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र ने कहा कि पेट्रोल की कीमत बढ़ने से महंगाई बढ़ेगी जिसका असर आम जनता पर होगा।
केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में रुपए की कीमत गिरी है। नगर के सिनेमा चौराहे पर सपा नगर महामंत्री दीपक सिंह चौहान की अगुवाई में कार्यकर्ताआें ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूं का। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटे हैं, फिर पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी क्यों हो रही है। छात्रनेता गुंजन त्रिपाठी ने कहा कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का जवाब जनता लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को देगी। उन्होंने कहा कि बढ़ी पेट्रोल की दरों ने लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला है। इस मौके पर मनोज सिंह, सौरभ त्रिपाठी, सोमेश तिवारी, संजीव मिश्रा, नवाब, शिवम यादव, गौरव यादव, पंकज सिंह और भूपेंद्र चौहान आदि मौजूद थे। भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में नुमाइश चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंककर रोष जताया। इस दौरान अखिलेश पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल के बढ़े दामों को वापस ले, नहीं तो जनता लोस चुनाव में इसका जवाब देगी। सुनील शुक्ला ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल का सरकार ने जो तोहफा जनता को दिया, उसे कोई भूलेगा नहीं। इस मौके पर संदीप अवस्थी, मंजुल शुक्ला, मनीष तिवारी, अविनाश पांडेय, मनोज दीक्षित, दृष्टि मिश्रा, विश्वप्रकाश दीक्षित, विजय शंकर द्विवेदी और राजेश सिंह तोमर मौजूद थे।