हरदोई। जिले की जनसमस्याओं और बसपा शासनकाल में सपाईयों के उत्पीड़न के मामलों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है और सपा जिलाध्यक्ष से ऐसे मामलों की सूची मांगी गई है। जिलाध्यक्ष 23 मई तक समस्याओं और उत्पीड़न के मामलों की सूची बनाएंगे और 24 मई को उन्हें लखनऊ सपा मुख्यालय बुलाया गया है।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि पार्टी मुख्यालय से जिले की समस्याओं और सपाइयों के उत्पीड़न के मामलों को मांगा गया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिलाध्यक्षों के माध्यम से सूची मांगी है। उसी कड़ी में जिले से भी जानकारी मांगी गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व शासन काल में सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज किए गए थे। उन्हें मुख्यमंत्री ने संज्ञान में लिया है और 24 मई 12 बजे सारे मामलों की सूची बनाकर पाटी मुख्यालय बुलाया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से ऐसे मामलों की सूची बनाई जा रही है। जिलाध्यक्ष ने सपाइयों से जिला कार्यालय पर शिकायत लेकर आने का भी आह्वान किया गया। 23 मई तक कार्यालय पर आने वाले सारे मामले की सूची बनाकर 24 मई को लखनऊ लेकर जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इन समस्याओं के साथ साथ जिले के भिन्न समस्याओं और ऐसे अधिकारी जिन्होंने गत सरकार में सपाइयों का उत्पीड़न किया और इस सरकार में भी धोखा दे रहे हैं उनकी भी जानकारी दी जाएगी। वार्ता के दौरान अजय पाल, धीरज गुप्ता, आदि मौजूद रहे।