हरदोई। मामूली बात को लेकर युवक की जान चली गई। पाली में 10 दिन पूर्व आम तोड़ने पर हुए पारिवारिक विवाद में युवक के चचेरे भाई ने उसे पीट कर घायल कर दिया था। उसका लखनऊ में उपचार चल रहा था, पर शुक्रवार शाम मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पाली कसबे के मोहल्ला बेनीगंज के विनय प्रकाश शुक्ला (40) का नौ मई को परिवार के ही श्रीनिवास उर्फ नन्हें से विवाद हो गया था। विनय के पिता रामदेव ने बताया कि पारिवारिक बंटवारे में खेत को लेकर नाराजगी चल रही है। विनय के बच्चों के आम तोड़ने पर नन्हें का कुछ विवाद हो गया था। विनय रूपापुर पाली मार्ग पर बस में परिचालक का काम करता था। शाम को वह घर लौट कर आया तो जानकारी मिली। जब उसे विवाद के बारे में पता चला तो वह नन्हें से शिकायत लेकर गया। आरोप है कि उसी समय नन्हें ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर लात घूंसों से उसे मारा पीटा और राइफल की बट मार दी, जिससे विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को देकर घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर हालत गंभीर होने के कारण लखनऊ रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां पर भी उसे कोई फायदा नहीं हुआ और अंत में शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। विनय के पिता व परिवारीजनों ने नन्हें और उनके पुत्रों की पिटाई से मौत का आरोप लगाया है।