हरदोई। मातृ एवं शिशु कल्याण कर्मचारी संघ के आवाहन स्वास्थ्य कार्यकर्ता पुरुष-महिला समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी मांगे उठाते हुए सीएमओ को एक ज्ञापन दिया।
हालांकि सीएमओ ने उनकी मांगों को सुनकर उचित निस्तारण का आश्वासन देकर शांत किया। जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय के सामने आयोजित किए गए धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं प्रभा सिंह ने कहा कि महिला कर्मचारियों की विगत कई वर्षो से पदोन्नति नहीं हुई है। पदोन्नति को कोर्ट के आदेश का बहाना बनाकर टाला जा रहा है, जो गलत है। समन्वय समिति के सह संयोजक व मंडलीय तथा बेसिक हेल्थ वर्कर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बाबू सिंह महिला कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया और उनका पूरा समर्थन देने की बात कही। कामिनी सिंह ने कर्मचारियों के एकजुट रहने की सलाह दी और कहा कि जब कर्मचारी एकजुट रहेंगे तो उनके सामने कोई समस्या नहीं आएगी। धरना प्रदर्शन को नीरू सिंह, राजेश सिंह समेत तमाम अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। धरने के बाद कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी सात सूत्रीय मांगों का सीएमओ को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने महिला-पुरुष कर्मचारियों के बकाया भुगतान, प्रतीक्षारत कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति, कर्मचारियों के मानक के अनुसार कार्य, स्वास्थ्य कार्यकर्ता को उनकी ड्यूटी लिस्ट के अनुसार कार्य दिए जाने, पुरुष व महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सेवा पुस्तिका व जीपीएफ पासबुक अद्युनांत की जाए और लंबित देयकों समेत कई अन्य मांगों को उठाया गया। हालांकि सीएमओ डॉक्टर एसके तिवारी ने कर्मचारियों की मांगों को बिंदुवार सुनकर उक्त समस्याओं का निस्तारण का आश्वासन दिया।