हरदोई। महिलाओं और लड़कियों को शारीरिक शोषण से बचाव और आत्म रक्षा के तकनीकी बिंदुओं पर जानकारी देकर आत्मबल बढ़ाने की दिशा में विधिक सेवा प्राधिकरण ने भी पहल शुरू की है।
प्राधिकरण के सचिव एसीजेएम प्रथम विजय कुमार आजाद ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में दो विशेष विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के निर्देश पर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत 26 जनवरी को शहरी क्षेत्र में जीजीआईसी में और 26 जनवरी को ही ग्रामीण क्षेत्र ग्राम शीशीताली मजरा कुरसैली पिहानी रोड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय विशेष विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्राधिकरण सचिव ने बताया कि इन शिविरों में महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा, उनके शारीरिक शोषण की रोकथाम तथा आत्मरक्षा की तकनीकों के विषय में विस्तार से चर्चा कर जानकारियां दी जाएगी। इन शिविरों में महिलाओं एवं बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा करने के गुर भी सिखाए जाएंगे। शिविर का मकसद महिलाओं एवं बालिकाओं के आत्म बल को बढ़ाना है। आत्मरक्षा के जानकारों तथा पुलिस द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को जानकारियां प्रदान की जाएंगी।ss