गढ़-ब्रजघाट पर 8 लाख से ज्यादा भक्तों ने किया गंगा स्नान
मुख्य स्नान पर्व पर तड़के से ही भक्तों ने लगाई गंगा में डुबकी
देर शाम तक जारी रहा स्नान, हर-हर गंगे से गूंजी तीर्थनगरी
गढ़मुक्तेश्वर। ज्येष्ठ दशहरा मेले में बृहस्पतिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गढ़-ब्रजघाट पर उमड़े आठ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। तड़के से शुरू हुआ स्नान देर शाम तक जारी रहा। इसी के साथ मेले का समापन हुआ।
इस बार मई माह में ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान पर्व कई वर्ष बाद आया है। अक्सर जून में दशहरा पर्व आता था। भीषण गर्मी के बाद भी आस्था कम नहीं हुई। दूर-दूर तक भक्तों का सैलाब नजर आ रहा था। क्या बच्चे, क्या बूढे़ और क्या जवान, सब हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ डुबकी लगा रहे थे। बुधवार रात से ही भक्तों का रेला ब्रजघाट तीर्थनगरी में उमड़ने लगा था। धर्मशाला, रेस्टोरेंट और रैन बसेरे श्रद्धालुओं से फुल हो गए। रातभर तीर्थनगरी में भजन-कीर्तन होता रहा। रात 12 बजते ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने की तैयारी में जुट गए। तड़के तीन बजते ही श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने लगे। चारों ओर हर-हर गंगे के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। देर शाम तक गंगा स्नान जारी रहा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार ब्रजघाट पर करीब 6 लाख और गढ़ गंगा तट पर करीब 2 लाख से ज्यादा भक्तों ने गंगा स्नान किया।