गढ़मुक्तेश्वर। वट अमावस्या पर गढ़-ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पुलिस-प्रशासन के व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। एकाएक वाहनों का दबाव बढ़ने से सारे इंतजाम ध्वस्त हो गए। एनएच-24 पर 20 घंटे जाम के कारण हजारों लोग परेशान हुए। आसमान से आग उगलते सूरज की तपिश से जाम में फंसे लोग पुलिस-प्रशासन को कोसते नजर आए।
वट अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए शनिवार रात से ही बसों और अन्य वाहनों से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। ब्रजघाट के पास रात 11 बजे एनएच-24 पर अचानक वाहनों की रफ्तार थम गई। यातायात व्यवस्था संभाल रही पंचशील नगर और जेपीनगर की पुलिस फेल हो गई। धीरे-धीरे वाहनों का दबाव बढ़ने से हाईवे पर 40 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और वाहनों की पांच-पांच लाइनें लग गई। रातभर जाम में फंसे वाहनों में सवार लोग इधर-उधर घूमते रहे, जबकि श्रद्धालु पैदल ही तीर्थनगरी की ओर चल दिए।
शनिवार रात में लगा जाम रविवार दोपहर दो बजे खुलने लगा तभी गंगा पुल पर बस खराब हो गई। इससे दुबारा लगा जाम शाम सात बजे के बाद खुल पाया। तब कहीं पुलिस को राहत मिली।