a पुलिस कर रही थी पीछा, तस्करों ने इंडिगो और मारुति को भरे बाजार दौड़ाया
मची अफरातफरी, एक तस्कर पकड़ा, 35 पेटी अवैध शराब बरामद
पिलखुवा। पीछा कर रही आबकारी विभाग की टीम से बचने के लिए शनिवार को शराब तस्करों की दो कारें भरे बाजार में इस कदर दौड़ीं कि छह लोगों को ठोंक डाला। वे सभी चोटिल हो गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों कारों को कृष्ण मोहल्ले से पकड़ लिया। भाग रहे तस्करों में एक व्यक्ति को भी दबोच लिया। दोनों कारों से अंग्रेजी शराब की 35 पेटियां बरामद हुई हैं।
टोलटैक्स पर आबकारी विभाग की टीम शनिवार दोपहर चेकिंग कर रही थी। तभी वहां से सफेद रंग की मारुति (यूपी 15एच 5544) वहां से गुजरी, उसके शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। इशारा करने पर रुकने के बजाय चालक ने कार दौड़ा दी। आबकारी टीम उसके पीछे लग गई। चकमा देने के लिए मारुति चालक ने बस अड्डे से कार गांधी बाजार की ओर दौड़ा दी। बाजार में तेज रफ्तार कार ने एक व्यापारी के नौकर, एक भिखारी, दो साइकिल सवार और दो ठेले वालों को चोटिल कर दिया। कृष्णगंज मोहल्ले कार खड़ी कर भाग रहे दो तस्करों में एक न्यू आर्यनगर निवासी गोविंद को पुलिस ने दबोच लिया। कार में हरियाणा मार्का की अंग्रेजी शराब की 15 पेटियां रखी थी। इसके साथ ही सफेद रंग की इंडिगो (डीएल 9सी एफ 5962) भी दौड़ रही थी। इसमें दो शराब तस्कर मौजूद थे। वे भी कृष्णगंज में कार को छोड़कर भाग गये। कार से ब्लू मूड, बेस्टोक्रेट की 20 पेटी शराब मिली है। पुलिस ने शराब और कारों को जब्त कर लिया है।