एक लुटेरे को दबोचकर पुलिस को सौंपा
बोलेरो छोड़कर भागे सात बदमाश
युवक को बंधक बना कर रहे थे लूटपाट
पिलखुवा। दहपा-पिलखुवा मार्ग पर राहजनी कर रहे बदमाशों को आजमपुर के ग्रामीणों ने दौड़ाकर बंधक युवक को छुड़ा लिया। ग्रामीणों को देखकर लुटेरे अपनी बोलेरो को छोड़कर भाग गए। हालांकि ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाशों की पिटाई से लूट का शिकार युवक बुरी तरह घायल है।
गांव आजमपुर के ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे गांव का इमरान पुत्र जबरदीन खेत से लौट रहा था। ईदगाह के पास बोलेरो सवार आठ बदमाशों ने इमरान को बंधक बनाकर लूट लिया।
लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे तमंचों की बट पीटा। इमरान को चिल्लाना सुनकर आजमपुर के लोग लाइसेंसी हथियार उस तरफ लेकर दौड़े। खुद घिरता देख बदमाश बोलेरो छोड़कर भाग खड़े हुए। एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और सूचना के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाशों में आजमपुर के भी तीन युवक हैं। बदमाशों की पिटाई से घायल इमरान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।