भागकर कर ली शादी, मेरठ में पकड़े गए
हापुड़। नगर की एक लड़की का रिश्ता उसके भाइयों ने यह कहकर तोड़ दिया कि लड़का अवारा है, लेकिन लड़की को यह निर्णय मंजूर नहीं हुआ। दोनों ने भागकर शादी कर ली। दोनों मेरठ में पकड़ लिए गए। दोनों के परिजनों में मंगलवार को पंचायत में मारपीट हुई। लड़का भाग गया, लेकिन लड़की को भाइयों ने घर में कैद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला पन्नापुरी की लड़की का उसके भाइयों ने सिमरौली के अशोक से कुछ माह पूर्व रिश्ता तय किया था। इस बीच किसी ने भाइयों को बताया कि अशोक अवारा है और उसकी बहन के योग्य नहीं है। इस पर लड़की के भाइयों ने रिश्ता तोड़ दिया।
उधर, रिश्ता होने के बाद से ही लड़का और लड़की एक-दूसरे से मोबाइल पर लंबी-लंबी बात करने लगे थे। वे हनीमून से लेकर और फैमिली प्लानिंग भी कर चुके थे, लेकिन लड़की के भाइयों के निर्णय से उनके सपने चकनाचूर होने वाले थे। इस पर दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाईं और घर से भागकर कोर्ट में शादी कर ली। बताया गया है कि परिजन दोनों को खोजकर पन्नापुरी ले आए। जहां दोनों के परिजनों में पंचायत हुई, लेकिन वहां मारपीट हो गई। मौका पाकर अशोक भाग निकला। अब लड़की को उसके भाइयों ने घर में कैद कर लिया है। हालांकि लड़की लड़के के साथ रहने को कह रही है। फिलहाल दोनों पक्षों ने मामला रफादफा कर दिया।