सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में गर्मियों के मौसम को राजनीति की गर्म हवाआें ने और गर्म कर दिया है। सुजानपुर क्षेत्र में दोनों ही बड़ी पार्टियों के बड़े नेताओं की सक्रियता को देखते हुए राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले माह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनीता वर्मा ने जनसभाएं कर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई तो इस माह मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर के दौरे तय माने जा रहे हैं।
सरकार की उपलब्धियों को मुद्दा बनाकर मंडल भाजपा ने प्रचार मुहिम का बिगुल बजा दिया है। स्थानीय विश्राम गृह में भाजपा की बैठक में मंडलाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साफ कर दिया कि अब रूठने मनाने का समय चला गया है। अब समय आ गया है कि पार्टी के सारे कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार के मिशन रिपीट को पूरा करने में जुट जाएं। ठाकुर ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि पार्टी का हर एक कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएगा। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र के 102 पोलिंग बूथ प्रभारी नियुक्त किए गए। इस अवसर पर वीरेंद्र ठाकुर ने भारत बंद के दौरान जिन भाजपा कार्यकर्ताओं की दुकानें खुली थीं, उनको भी आड़े हाथों लिया। वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर का सुजानपुर में 16 जून का कार्यक्रम लगभग तय है और इसी माह सुजानपुर में मुख्यमंत्री धूमल का कार्यक्रम भी रखा जाएगा।
बैठक में कोषाध्यक्ष प्रेम चौधरी, बीडीसी अध्यक्ष प्रताप सडियाल, वीर सिंह, कैप्टन रणजीत सिंह, पृथ्वी चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य डा. प्रताप ठाकुर, कमल देव, विक्रम सिंह, राजेंद्र ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीता देवी, पूनम, बीना आदि उपस्थित थे।
बाक्स...
शहरी इकाई और पार्षद रहे नदारद
सुजानपुर में आयोजित भाजपा ग्राम केंद्र बूथ प्रधानों की बैठक में नगर पंचायत में पार्टी के चिन्ह पर जीत हासिल करने वाले पार्षद नदारद रहे। बैठक में बूथ स्तर तक के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, लेकिन नगर पंचायत पार्षदों के साथ-साथ शहरी इकाई का एक भी सदस्य बैठक में नहीं पहुंचा। और आगामी चुनावों को जीतने के लिए रणनीति तैयार की। इस पर शहरी इकाई अध्यक्ष रमन भटनागर का कहना है कि उन्हें सूचना तो थी लेकिन किन्हीं कारणों से वह बैठक में भाग नहीं ले सके। तो वहीं पार्षद विकास महाजन ने बताया कि उन्हें बैठक की सूचना नहीं थी।