हमीरपुर। पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा द्वारा भारत बंद के आह्वान पर वीरवार को हमीरपुर बाजार बंद रहा। शहर के करीब सभी कारोबारियों ने दुकानें बंद रख कर भाजपा के भारत बंद का समर्थन किया। इक्का दुक्का कारोबारियों को छोड़कर सभी ने तेलों की बढ़ी हुई कीमतों के प्रति दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।
पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजार में रैली निकाली और दुकानदारों को भी बाजार बंद रखने में सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर केंद्र सरकार का पुतला जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। केंद्र सरकार की बर्खास्तगी की मांग की। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 15 माह में 14 बार तेल की कीमतों में वृद्धि और 12 बार ब्याज की दरों की बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने आम आदमी का जीना हराम कर दिया है। युवा मोर्चा का कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को बर्खास्त करने के लिए आंदोलन करेगा। उन्होेंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक वर्ग या एक पार्टी की नहीं है, यह लड़ाई आम जनता की है। देश में जिस तरह से आम आदमी महंगाई के विरोध में उठ खड़ा हुआ है, उससे साबित हो गया है कि आम जनता ने मन बना लिया है कि केंद्र की यूपीए सरकार को अब केंद्र में बने रहने का कोई हक नहीं है।
अनुराग ठाकुर ने स्थानीय व्यवसायियों और जनता का बाजार बंद में सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कृपाल परमार, विधायक उर्मिल ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, कांगड़ा बैंक के चेयरमेन रसील सिंह मनकोटिया, प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष नरेंद्र अत्री, जिला अध्यक्ष देश राज शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदर्शकांत शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव अनूप सिंह राणा, कार्यसमिति सदस्य अनिल परमार, रमेश चंद, अजय रिंटू, विनोद कुमार गिटू, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।