हमीरपुर। आठ घंटे ड्यूटी देने को लेकर परिवहन कर्मचारियों ने गेट मीटिंग की और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मीटिंग में परिवहन कर्मियों ने आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की। परिवहन निगम कर्मचारी संघ के मंडलाध्यक्ष अजमेर सिंह के नेतृत्व में मीटिंग का आयोजन किया गया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी सूरत में आठ घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं देंगे। इन्हीं मांगों को लेकर संपूर्ण राज्य में गेट मीटिंगों का आयोजन किया जाएगा।
अजमेर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम को रोडवेज बनाया जाए। परिवहन निगम में लंबे समय से कोई भर्ती नही हुई है और चालक-परिचालकों की कमी के कारण कर्मचारी 12 से 18 घंटे तक ड्यूटी दे रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों का ओटीए 6-7 माह से लंबित पड़ा हुआ है। वर्ष 1996 से लेकर अब तक कार्यशाला कर्मचारियों की कोई भर्ती नही हुई है। जो कर्मी कार्यशाला में सेवाएं दे रहें हैं, वे इतने बूढ़े हो चुके हैं कि भारी पुर्जों को उठाने में समर्थ नहीं हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों का रुका हुआ पे स्केल जल्द जारी किया जाए। मंडल हमीरपुर में 25 चालक तथा 40 परिचालकों की कमी चली हुई है। स्टाफ की इस कमी को दूर किया जाए। इस दौरान अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भी नियमित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि निगम में जो कर्मचारी बुकिंग एजेंट के रुप मेें सेवाएं दें रहे हैं, उन्हें नियमित कर परिचालक का नाम दिया जाए।
इस मौके पर रणजीत सिंह, वीना भाटिया, सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, प्रभुदयाल सिंह, राम स्वरूप, जीवन कुमार, ओम प्रकाश, मोती लाल, मनोज कुमार, शुशील कुमार, राज कुमार, पवन कुमार, ध्यान सिंह, नटरंजन, सीता राम, नंद राम, योगराज आदि उपस्थित रहे।