हमीरपुर। हजारों की नकदी और आभूषण लेकर नौ दो ग्यारह हो रहे दंपति को पुलिस ने दबोच लिया। सदर थाना ने यह कार्रवाई की। चोर दंपति के पीछे करीब एक घंटे तक पुलिस भागती रही। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चोर दंपति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दंपति जम्मू के रहने वाले हैं। पक्का भरो में किराए के मकान में रह रहे थे। दंपति ने मकान मालिक के घर से करीब 94 हजार की चोरी कर फरार होने की कोशिश की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार और उसकी पत्नी सीमा देवी ने मकान मालिक शिव कुमार निवासी के घर में हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर लिए और वहां से फरार हो गए। पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर रवाना हो गई। दोनों मौके से फरार हो चुके थे। दंपति गलोड़ की तरफ निकले थे। पुलिस दंपति का पीछा करते हुए गलोड़ पहुंची। यहां से दंपति हमीरपुर की तरफ भाग गए। यहां जम्मू जा रही बस में सवार हो गए। पुलिस को इसकी भनक लगी। पुलिस ने बस का पीछा करते हुए हमीरपुर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर दंपति को बस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सीमा और दिनेश दोनों शिवकुमार के घर में किराए पर रहते थे। सीमा कुमारी घर में साफ सफाई करती थी। मौका मिलते ही मंगलवार को उसने करीब 34 हजार रुपये की नकदी और करीब 60 हजार रुपये के आभूषण उड़ा लिए। जब परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने पुलिस को चोरी की सूचना दी। उधर, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन का कहना है कि पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। चोरी का सामान रिकवर कर लिया है।