पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर को जिला बनाने की मांग पर बुधवार को पालमपुर जिला बनाओ संघर्ष समिति ने रैली निकाल कर आवाज को बुलंद किया। एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा गया। इसमें पालमपुर को शीघ्र जिला बनाने की मांग की गई। समिति के अध्यक्ष जगमेल कटोच की अध्यक्षता में हुई रैली में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। मिनी सचिवालय में जनता को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगमेल कटोच ने कहा कि कई स्थानीय नेता आज भी पालमपुर को जिला बनाने को लेकर चुप्पी साधे हैं। वे पालमपुर का विकास होता नहीं देख सकते।
कटोच ने कहा कि पिछले कई वर्षों से पालमपुर को जिला बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है, लेकिन हर बार चुनाव के समय राजनीति के चलते इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। कटोच ने कहा कि इस बार पालमपुर के जिला बनाना होगा। इसके लिए वे अब कुर्बानियां देने के लिए तैयार हैं। कटोच ने दो टूक कहा कि इस बार पालमपुर को जिला नहीं बनाया गया तो आने वाले चुनावों में वर्तमान मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। रैली को पालमपुर भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष शांति शर्मा, संजीव राणा, पालमपुर व्यापार मंडल के महासचिव गीतेश, प्रधान आशा ने भी संबोधित किया।
यह लोग मौजूद थे
पालमपुर नगर परिषद के अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, उपाध्यक्ष यश महाजन, पार्षद हिरेंद्र परवाना, रीटा जंबाल, सरदार अजीत सिंह सुदेश सूद, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र सूद, भाजपा नेता राजीव जंबाल, राज चौधरी, रिजुल, अरविंद मेहता, रागिनी रूकवाल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एके शरोत्री, बलदेव ठाकुर, सुनील चौहान, गद्दी यूनियन के अध्यक्ष गोकुल ठाकुर, संजय महाजन, ओंकार सूद, कुलदीप, घुग्गर के प्रधान श्याम धीमान, उप प्रधान, समिति अध्यक्ष पंचरूखी मीना देवी सहित कई पंचायतों के प्रतिनिधि, युवा मंडलों ने हिस्सा लिया।