हमीरपुर। राज्य सरकार युवाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर व्यायामशाला क्लबों के निर्माण के लिए प्रोत्साहित करेगी। प्रदेश सरकार द्वारा 17 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इससे प्रदेश की 3,243 ग्राम पंचायतों और 54 स्थानीय शहरी निकायों में व्यायामशालाएं सुनिश्चित हो सकेंगी। प्रत्येक व्यायामशाला के लिए 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। हमीरपुर जिले के गसोता में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने घोषणा की।
इससे पूर्व उन्होंने गसोता महादेव मंदिर परिसर में सप्ताह भर चलने वाले जिला स्तरीय नलवाड़ी मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने 15 लाख रुपये लागत की तालाब पुनरोद्धार परियोजना की आधारशिला रखी और 7.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर से तालाब तक संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए 3 लाख रुपये, शवदाह गृह स्थान पर वर्षाशालिका के निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये, मंदिर परिसर में मैदान को पक्का करने के लिए 2 लाख रुपये और महिला मंडल भवन में एक और मंजिल निर्मित करने के लिए 2 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित महिला मंडलों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में मंदिर के महंत स्वामी विवेकानंद गिरी जी महाराज ने मुख्यमंत्री की लोकमित्र छवि और जनता के साथ संपर्क बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के विकास के लिए उदारतापूर्वक धन उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
इस मौके पर विधायक उर्मिल ठाकुर, वयोवृद्ध भाजपा नेता एवं कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष पृथी सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एमसी परमार, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया, नरेंद्र अत्री, देसराज शर्मा, आदर्शकांत शर्मा, अजीत चौहान, विजय अग्निहोत्री, विजयपाल सोहारू, उपायुक्त राजेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन, डीएसपी लालमन, अशोक श्रीधर, बीटी नेगी आदि उपस्थित रहे।