गाजीपुर। जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ सकलेनाबाद में प्रदर्शन करते हुए पूजा-पाठ कर नगर पालिका प्रशासन की सद्बुद्धि की कामना की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि सैयद शाह पीर जुनैद मस्जिद के मोड़ पर लगा तथा लंका से स्टेशन जाने वाली सड़क पर लगा हैंडपंप करीब एक वर्ष से खराब पड़ा है। इसके लिए कई बार प्रार्थनापत्र पालिका प्रशासन को दिया गया मगर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।
श्री तिवारी ने कहा कि ईओ भी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। जबकि इस भीषण गरमी के मौसम में सकलेनाबाद और लंका के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। इन मुहल्लों में जलापूर्ति कभी-कभार की जाती है। जहां पानी आता भी है तो वह पीने योग्य नहीं होता। दोनों मुहल्लों में इन हैंडपंपों के खराब पड़े रहने से दर्जनों घर के लोगों को पेयजल के संकट का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उन्होंने क्षेत्र के लोगों को पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ईओ को चेतावनी दिया कि अगर पांच दिनों के अंदर दोनों खराब हैंडपंपों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो दल के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। कार्यकर्ता इसके खिलाफ सड़क पर उतरने को विवश होंगे। इस मौके पर सुनील सिंह, संदीप गुप्त, जबब्बार राईनी, सुनील अग्रहरि, अजय गुप्त, साकिब रहमान, परमेश्वर तिवारी, श्यामजी, सोनू, नईम राईनी, सुरेन्द्र, अभिषेक सिंह, सकीउल्लाह राईनी, बब्बू श्रीवास्तव, जीउत पाल, शेषनाथ यादव तथा कृष्णा सेठ मौजूद रहे।