गाजीपुर। शहर के महाजनटोली स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर पर रविवार को शनि जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर भगवान शनिदेव का विधिवत शृृंगार तथा विशेष हवन-पूजन किया गया। जयंती पर सुबह से लेकर देर शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस कार्यक्रम के चलते आसपास का माहौल धार्मिक बना रहा।
मंदिर की साफ-सफाई और शृृंगार के बाद पांच बजे भोर में शनिदेव की प्रथम आरती की गई। इसके बाद संपन्न हुए हवन पूजन में लोगों ने आहुतियां दे कर भगवान से अपने ऊपर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। हवन-पूजन का कार्य पंडित मोती लाल भार्गव ने संपन्न कराया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि शनि ग्रह से पीड़ित जातकों को ओम श्री शनिश्चराय नम: और नीलाजनं समाभासं रविपुत्रं यमाग्रजं, छायामार्तन्ड शंभुतं तम् नमामि शनैश्चर: आदि मंत्रों का पाठ करना चाहिए।
बताया गया कि शनिवार के दिन पीपल के वृक्ष में जल देने के साथ ही शनिदेव या हनुमान मंदिर में भगवान का दर्शन करना लाभकारी होता है। पूजा पाठ के क्रम में दोपहर तथा शाम को महाआरती विधिविधान से संपन्न कराई गई। देर रात ग्यारह बजे आरती पूजन के बाद पट बंद कर दिया गया। शनि जयंती के अवसर पर पूरे मंदिर क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भजन-कीर्तन के साथ ही सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया गया। शाम की आरती में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह समेत शहर के कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में व्यवस्थापक आनंदी प्रसाद सिंह, संयोजक मोहनजी शाह, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल तथा मीडिया प्रभारी अवनीश गुप्ता, योगेश सिंह, डा. अमित कुमार श्रीवास्तव, लक्की सरदार, सिंटू पटेल, मनीष, बंटी, चंदन, सरदार हरजीत सिंह, पप्पू सरदार, प्रदीप कुमार शर्मा, विजय जायसवाल आदि ने सराहनीय भूमिका निभाई।