गाजीपुर। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की अघोषित कटौती से लोगों की रात की नींद तो गायब थी ही, अब तकनीकी गड़बड़ियों से लोगाें का सोना दूभर हो गया है। जंफर जलने से बीते शुक्रवार को आधी रात तक शहर अंधेरे में डूबा रहा। इस दौरान भीषण गर्मी में लोगों को बिलबिलाना पड़ा। कुछ आक्रोशित लोग प्रकाशनगर उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा भी किए। अंतत: रात दो बजे फाल्ट दुरुस्त किया जा सका,तब जाकर विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। बत्ती गुल रहने से विधायक का 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा पहले ही दिन फुस्स हो गया।
शहरवासियों के लिए बिजली की आंख-मिचौली कोई नई बात नहीं है। कभी रोस्टरिंग तो तभी फाल्ट के नाम पर यह लोगों को रुलाती रही है। ठंड के मौसम में तो लोग किसी तरह बिजली की अघोषित कटौती को झेेल लेते हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में इसका गायब होना लोगों को बेहाल कर देता है। बत्ती कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई भरोसा नहीं रह गया है। बेतहाशा कटौती के कारण लोगों के परेशानी को देखते हुए सदर विधायक विजय मिश्र ने पहल कर 18 मई से 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश कराया था। उनके इस आदेश की जानकारी होते ही लोगों को चेहरे खुशी से खिल उठे कि चलो अब उन्हें गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगा, लेकिन उनके आदेश की पहले दिन ही हवा निकल गई। निर्धारित रोस्टरिंग के अनुसार सुबह 9 बजे से 11 और शाम को 5 से 9 बजे तक कटौती होने हैं। रात नौ बजे आपूर्ति शुरु होते ही लोग प्रसन्न हो गए, लेकिन थोड़ी ही देर बाद लालदरवाजा और पुलिस लाइन नंबर-2 की आपूर्ति ठप हो गई। करीब डेढ़ घंटे बाद बिजली का दर्शन हुआ। आपूर्ति शुरु होने के कुछ देर बाद फिर करीब 11 बजे आपूर्ति ठप हो गई, जिससे शहर अंधेरे में डूब गया। उधर बिजली कटते ही लोग गर्मी से बेचैन हो गए। राहत के लिए कोई घरों की छतों पर चला गया तो कई बाहर निकल गया। काफी देर तक बत्ती न आने पर दर्जनों की संख्या में लोग प्रकाशनगर उपकेंद्र पहुंच गए और हो-हल्ला करने लगे। इस दौरान उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ और लोगों में बिजली को लेकर झड़प भी हुई। बिजली आने तक रात 2 बजे तक लोग उपकेंद्र पर डटे रहे। बत्ती गुल होते ही गर्मी के कारण लोगों की बेचैैनी बढ़ी गई। पसीने से सराबोर होकर लोग बत्ती आने का इंतजार करने लगे। करीब 2 बजे आपूर्ति सुचारू हुई। इस संबंध में जेई वीके सिन्हा ने बताया कि रात में करीब 12 बजे ओवरलोड के कारण अंधऊ के पास 37 हजार का जंफर जल गया, जिसके कारण आपूर्ति ठप रही। 2 बजे फाल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू की गई।
प्रकाशनगर उपकेंद्र पर सीटी के पास नग कटने से करीब डेढ़ घंटे तक आपूर्ति ठप रही। तार टूटने से कुछ फीडरों की आपूर्ति प्रभावित रही। तुसलीसागर में ओवरलोड के कारण एलटी तार टूट गया, जिससे दो घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। बताया कि ओवरलोड के कारण फाल्ट की समस्या उत्पन्न हो रही है।