नोनहरा। थाना क्षेत्र के भाला गांव में बीते मंगलवार की रात पंपिंग सेट पर सो रहे एक युवक के सिर में चाकू सेे ताबड़तोड़ तीन वार किया गया जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाला गांव निवासी राजेंद्र मिश्र का 25 वर्षीय पुत्र निर्भय मिश्र का पिछले दिनों बाइक से धक्का लगने पर कुछ लोगों से विवाद हो गया था। रोज की तरह बीते मंगलवार की रात को निर्भय मिश्र अपने पंपिंग सेट पर सो रहा था। रात करीब एक बजे के बाद पंपिंग सेट पर पहुंचे तीन युवकों ने उसके सिर में चाकू से ताबड़तोड़ तीन वार किया। इससे वह लहूलुहान हो गया। शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और वहीं गिर गया। रात में ही उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल से घटना की बिंदु वार जानकारी ली। बाद में घायल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष श्रीधर पांडेय ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।