गाजीपुर। जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें गेहूं खरीद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में 96 आढ़तियों को गेहूं खरीदने के लिए लाइसेंस दिए गए हैं। जल्द ही संबंधित केेंद्रों पर खरीद का कार्यक्रम तय होगा।
पूरे जिले में 30993 एमटी किसानों का गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 53 एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। लेकिन बोरे की कमी से अभी तक अधिकांश केंद्रों की बोहनी तक नहीं हुई है। इससे किसान काफी परेशान है। इसके समाधान के लिए किसानों का प्रतिनिधिमंडल कई बार उच्चाधिकारियों से मिल चुका है। इसके बाद भी किसानों का गेेंहू खरीदने को लेकर संस्थाएं गंभीर नहीं थीं। किसानों का आरोप था कि केंद्रों पर गेंहू नहीं खरीदा जा रहा है। केंद्रों पर बिचौलिए हावी है। इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रभुएन सिंह ने डिप्टी आरएमओ रवींद्र पांडेय को आढ़तियों को लाइसेंस देने का निर्देश दिया है। उन्होंने गेहूं की खरीद तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पचास कुंतल से अधिक की खरीद करने वाले आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसकी जानकारी देते हुए डिप्टी आरएमओ रवींद्र पांडेय ने बताया कि 16 मई से आढ़तियों से गेंहू की खरीद शुरू करा दी जाएगी। इसके लिए डीएम ने 96 आढ़तियों को लाइसेंस देने का फैसला किया है। लाइसेंस मिलने के बाद संबंधित आढ़तियों को किसान गेहूं बेच सकते हैं। उन्होंने बताया कि बोरे का इंतजाम खुद आढ़तियों को करना होगा। इस एवज में आढ़तियों को विभाग कमीशन देगा।