मूल्य वृद्धि के खिलाफ गाजियाबाद, टीएचए, मोदीनगर, मुरादनगर में प्रदर्शन
गाजियाबाद/साहिबाबाद। ‘पेट्रोल बम’ पर शहर से देहात तक गम और गुस्से का गुबार फूटता दिखाई दे रहा है। मूल्य वृद्धि के खिलाफ बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से टीएचए, मोदीनगर और मुरादनगर तक उग्र प्रदर्शन का सिलसिला चला। आम जनता के साथ विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों ने केंद्र सरकार के पुतले फूं के। कुछ जगहों पर जाम लगाकर भी मूल्य वृद्धि वापस करने की मांग उठाई गई।
भाजपाइयों ने केंद्र का पुतला फूंका
भाजपा महानगर संयोजक एसपी सिंह के नेतृत्व में दोपहर में बड़ी संख्या में भाजपाई घंटाघर पर जमा हुए और केंद्र सरकार का पुतला फूंककर पेट्रोल मूल्य वृद्धि पर रोष जताया। एसपी सिंह ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोलियम पदार्थों के रेट में हुई भारी बढ़ोत्तरी से आम लोगों को गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन में पृथ्वी सिंह, अशोक गोयल, राजा वर्मा, मानसिंह गोस्वामी, अजय शर्मा, अमर दत्त शर्मा, अनिल स्वामी, राजेश त्यागी, गीता भाटी, दिनेश अग्रवाल, आलोक कौशिक, राजीव अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
लिंक रोड पर पुतला जलाया, चक्का जाम
वैशाली। नाराज लोगों ने लिंक रोड जाम कर केंद्रीय सरकार के खिलाफ हंगामा किया। रेजीडेंट्स प्रह्लादगढ़ी से रैली निकालकर लिंक रोड पहुंचे। यहां रोड जाम कर पुतला फूंका। प्रदर्शन में राधिका आर्य, आकाश समीर, मोइनुद्दीन, सुरेंद्र, रोहित, अजय, गुलशन मौजूद हुए।
वसुंधरा स्थित जयपुरिया चौक पर ब्रिज विहार मंडल ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान समिति अध्यक्ष राजीव प्रधान, अभिषेक कौशिक, भरत चौहान, हर्ष भारद्वाज, महादेव, रितेश भारद्वाज, दीपक, हनी सिंह, पारस कपूर आदि शामिल हुए। ब्रिज विहार चौक पर भी रेजीडेंट्स ने सरकार का पुतला फूंका। जबकि, कन्फेडरेशन ऑफ ट्रांस हिंडन आरडब्ल्यूए ने शक्ति खंड में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मोहन सांगवान, कंवलजीत राय, जयप्रकाश गुप्ता, संजय त्यागी, योगेश गुप्ता, आशु शामिल रहे।
उधर ब्रिज विहार सी ब्लॉक में रेजीडेंट्स ने चेतावनी दी कि अगर कीमतें वापिस नहीं लीं तो उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में शेर सिंह, देवेंद्र ध्यानी, भुवन चंद्र, नारायण देव, तारा राणा, मीना ध्यानी, विनोद भी रहे।