कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में हुई घटना, कनपटी से सटाकर किया गया फायर
गाजियाबाद(ब्यूरो)। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक बीज गोदाम के सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सुरक्षाकर्मी की कनपटी से तमंचा सटाकर मारी गई है। बृहस्पतिवार सुबह गोदाम मैनेजर के आने पर हत्याकांड का पता चला। मैनेजर ने गोदाम में लूटपाट से इंकार किया है। पुलिस हत्याकांड के पीछे रंजिश मान रही है।
मूल रूप से गांव मौजुपर, बुलंदशहर निवासी विजयपाल सिंह (65) प्लाट संख्या सी-152 स्थित बीज गोदाम में सुरक्षाकर्मी था। गोदाम हैदराबाद के कारोबारी का है। कॉपरेट सिक्योरिटी एजेंसी के द्वारा विजयपाल सिंह को कुछ समय पहले ही गोदाम में तैनात किया गया था। विजय लाल कुआं स्थित शंकर विहार कालोनी में बेटे मनोज के साथ रहता था। बुधवार रात को वह गोदाम गया था। बृहस्पतिवार सुबह मैनेजर जगमोहन खन्ना गोदाम में पहुंचे को विजय पाल को लेटे हुए पाया। उन्होंने सिक्योरिटी एजेंसी में विजयपाल के सोने की शिकायत की। एजेंसी के इंचार्ज ने पास जाकर देखा तो विजयपाल मृत पड़ा था। एसओ कविनगर सुधीर त्यागी ने बताया कि पड़ोस की कंपनी में रहने वाले एक सुरक्षाकर्मी की पत्नी ने बुधवार रात करीब 11 बजे गोली चलने की आवाज सुनी थी। हालांकि गोली किसने चलाई इसका उसे कुछ पता नहीं है। एसओ का कहना है कि गोदाम में लूटपाट या चोरी भी नहीं हुई है।