आंदोलनकारियों की ज्यादातर मांगें मंजूर
गाजियाबाद। आठ दिन से चली आ रही सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई। नगरायुक्त के आश्वासन के बाद हड़ताली मान गए। समझौता पत्र को दोनों पक्षों ने मंजूर किया। कर्मियों की निगम स्तर की मांगें मान ली गई हैं जबकि कुछ मांगों को मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। सहायक नगर आयुक्त एके सिंह, अकाउंट अफसर एके सिंह और नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरेन्द्र नागर कर्मियों को कई दिन से मना रहे थे।
10 मई से शुरू हुआ परेशानी का दौर बृहस्पतिवार को 10 मिनट में समाप्त हो गया। नगर आयुक्त जिद छोड़ धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदीप चौहान से बातचीत की। लखनऊ बैठक बीच में छोड़कर वह सुबह दस बजे हड़ताली कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मचारी निगम परिवार के सदस्य हैं। किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को जूस पिलाकर हड़ताल खत्म करने की घोषणा की गई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कर्मेन्द्र सिंह और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।इसके बाद सहायक नगर आयुक्त, अकाउंट अफसर और महापौर ने मीटिंग हाल में मांगों को पढ़कर सुनाया। स्वीकृति पत्र पर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी चके अलावा संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रदीप चौहान, महानगर अध्यक्ष किरनपाल सिंगौते, राजेश चौहान और अशोक गहलौत के हस्ताक्षर हैं।