फीरोजाबाद। गांधी नगर स्थित जैन मंदिर में तीन दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा एवं कलशारोहण समारोह का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन नवीन वेदियों पर भगवान की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। मंदिर के शिखर पर कलश और ध्वजों की स्थापना की गई।
जैन मुनि अमित सागर के सानिध्य में तथा मुनि श्री अनुमान सागर के निर्देशन में नवीन वेदियों पर जिनेंद्र भगवान की प्रतिमाओं की स्थापना पांडेय मुनींद्र कुमार जैन ने कराई। मंत्रोच्चारण के बीच नवीन वेदियों पर भगवान पार्श्वनाथ, मुनिसुव्रतनाथ और भगवान महावीर की मूल नायक प्रतिमाओं को विराजित किया गया। नवीन वेदियों के शिखर पर कलश स्थापना जिनेंद्र कुमार जैन, सुनील जैन रैमजा और मयंक जैन ने की। छत्र स्थापना साहू जय प्रकाश जैन ने की। मंदिर के शिखर पर कलशारोहण मंदिर कमेटी के अध्यक्ष निर्मल जैन, संजय जैन और नीरज जैन ने किया। ध्वज की स्थापना मानिक चंद्र जैन ने सपरिवार की।
मंदिर में स्थापित भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक वर्धमान महिला मंगल के सहयोग से युवा कार्यकर्ता पीयूष जैन एवं निकलंक जैन ने संपन्न कराया। भगवान की प्रतिमा पर वृहद शांतिधारा का सौभाग्य रतन जैन, मीत जैन, विकास जैन परिवार को मिला। तीन दिवसीय कार्यक्रम में सनतकुमार इंद्र और माहेंद्र इंद्र बनने का सौभाग्य महावीर जैन बजाज और सुरेश कुमार जैन को मिला। मुख्य कलश पुण्यार्जक संजीव जैन संजू थे। ईशान इंद्र हरीशचंद्र जैन, ब्रहमेंद्र नवीन जैन पमारी तथा सौधर्म इंद्र धीरेंद्र जैन धीरू बने। संचालन राजेश जैन और साहू सत्येंद्र जैन ने किया। नवीन वेदी के पुण्यार्जक नरेंद्रपाल जैन थे।
चैत्यालय की प्रतिमाएं स्थापित
गांधी नगर निवासी ब्रह्मचारिणी बहन शकुंतला जैन के आवास पर एक कक्ष में बने चैत्यालय में स्थापित भगवान शीतलनाथ, पार्श्वनाथ और भगवान महावीर की अष्टधातु की प्रतिमाएं गाजेबाजे के साथ जैन मंदिर में स्थापित की गईं। प्रतिमाओं को भक्तिपूर्वक प्रत्येंद्र जैन पप्पू ने स्थापित कराया।
जैन मुनि के पूजन में खूब हुई भक्ति
मुनि अमित सागर का विशेष पूजन भक्तों द्वारा किया गया। अष्टद्रव्य सामग्री, फल, धूप, चंदन, पुष्प से जहां नाचते- झूमते भक्तों ने पूजन किया वहीं दूध, घी, दही और अनेक प्रकार के फलों के रस से मुनिश्री का पाद प्रक्षालन किया गया। इस कार्य में वर्धमान महिला मंगल की अध्यक्ष मणीप्रभा जैन, मैनासुंदरी जैन, इंद्राणी जैन, संतोष जैन, शीतल जैन, डा. अर्चना जैन, अंकिता जैन ने सहयोग किया।