फतेहपुर। कहर बरपा रही गर्मी से लोग बेहाल हैं। सुबह होते ही सूर्यदेव आंख तरेरते हुए आग बरसाने लगते हैं। शनिवार को पारा रिकार्ड 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, हालांकि रविवार को लुढ़क कर 46.02 डिग्री पर आ गया। लू के थपेड़ों से सड़कों पर सन्नाटा रहा। सदर अस्पताल में भर्ती मरीज गर्मी से बिलबिलाते रहे।
गरमी के कहर से लोग कराह रहे हैं। सुबह शुरू हुआ गरमी का कहर शाम तक जारी रहा। रविवार की छुट्टी का मजा भी गर्मी ने बेरंग कर दिया। दोपहर दो बजे तापमान 46.02 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हालांकि शनिवार की अपेक्षा पारा तो लुढ़का परंतु गर्मी से राहत नहीं मिली। दस बजने के बाद सड़कें सूनी हो गईं। तेज धूप से राह चलना मुश्किल हो गया। लोग तपिश से बेहाल रहे। लू के थपेड़ोें पशु-पक्षी भी बेहाल रहे। सदर अस्पताल में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल रहे। दोपहर के समय मरीज बेड छोड़कर बरामदे पर टहलते रहे। अस्पताल का आरओ प्लांट से भी ठंडा पानी नहीं मिल रहा। कई महिला तीमारदार पाउच वाला पानी खरीद क र प्यास बुझाती रहीं। सादीपुर चौराहे में एक होटल में चाय पीने के दौरान कलकत्ता की माया घोष बोलीं कि इतनी गरमी तो कोलकाता में नहीं पड़ती है, यहां तो दम निकला रहा है।