फतेहपुर। सोमवार को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी से नकली शराब के कारोबार का खुलासा हुआ। टीम ने महना गांव के एक घर से देशी शराब के पौवे व पौने तीन सौ होलोग्राम बरामद किए। धंधेबाज को दबोचने के बाद उसका चालान काटा गया। सोमवार को बिंदकी के आबकारी निरीक्षक राजनाथ सिंह यादव ने सटीक जानकारी पाकर ललौली पुलिस के साथ महना गांव के महराज सिंह पुत्र सूबेदार के घर पर छापा मारा। इसमें नकली देशी शराब के पौवा बरामद हुए। इसके अलावा पौने तीन सौ विभाग से मिलते नकली होलोग्राम की बरामदगी की। जिला आबकारी अधिकारी विपिन बिहारी शर्मा ने बताया अवैध व नकली शराब की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। धंधेबाजों पर कडा़ई से पेश आया जा रहा है। महना के महराज सिंह पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है।