फतेहपुर। शहर के गुरुदेव सदन स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की बैठक में किसानों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण की मांग की गई। तय किया गया किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में गेहूं खरीद मेें व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया साजिश के चलते किसानों तो गेहूं खरीद को के दौरान परेशान किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा पखवारे भर से बोराें की कमी से क्रय केन्द्रों में तौल का काम प्रभावित है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने तत्काल बारदाने का प्रबंध कर बंद चल रहे केन्द्रों में तौल शुरू कराने की मांग की। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरुद्ध संगठन द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत जून के प्रथम सप्ताह में की जाएगी। अभियान का कार्यक्रम कुंवरपुर, बिंदकी, खजुहा, अमौली, जोनिहा, सहली, शाह, गाजीपुर, असोथर, धाता, हथगाम, मवई, जमरावां, हुसेनगंज आदि क्षेत्रों में चलेगा। साथ ही मोटर लाइकिल जुलूस भी निकाला जाएगा।
बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया गेहू खरीद में किसानों से खुलेआम कमीशन मांगा जा रहा है। ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए। इस दौरान दीपक सिंह, प्रेमशंकर, शारदा तिवारी, सम्राट, रज्जन सिंह, हीरालाल, कृष्णपाल सहित भारी संख्या में किसान मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।