जोनिहां/ मलवां/फतेहपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में युवक की मौत हो गई और अन्य दो लोग घायल हो गए। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम चार बजे से सात बजे तक जाम लगाया। तीन थानों की पुलिस फोर्स के पहुंचने पर तीन घंटे बाद जाम हटाए जाने से यातायात बहाल हो सका।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी हीरालाल प्रजापति गांव में ही मकान बनवा रहे हैं। उनका पुत्र रामलखन (32) आज जोनिहां कस्बे में बिल्डिंग मैटेरियल का भुगतान करने जा रहा था। दोपहर करीब सवा बारह बजे जाफरगंज थाना क्षेत्र के सराय मोड़ के पास बिंदकी से बांदा जा रही बोलेरो ने रामलखन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से रामलखन व उसके साथी पुष्पेंद्र कुमार पुत्र जयदेव सिंह भदौरियां को गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग खड़ा हुआ। सड़क पर तड़प रहे दोनों घायलों को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने बिंदकी सीएचसी पहुंचाया। यहां से दोनों को गंभीर हालत में कानपुर ले जाया जा रहा था। बीच रास्ते में रामलखन ने दम तोड़ दिया। कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराए गए पुष्पेंद्र की हालत भी नाजुक बताई जाती है। उधर राम लखन की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीण तीन घंटे तक सड़क पर डटे रहे। इससे यातायात अवरूद्ध हो गया। करीब सवा सात बजे तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद शव को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
दूसरी दुर्घटना मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा गांव के पास हुई। ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दावतपुर प्रधान शिवकुमार पाल (37 )शाम छह बजे सौंरा के बीपी पेट्रोल पंप आए थे। यहां से वह पेट्रोल डलवा कर बाइक से लौट रहे थे। तभी पीछे से किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रधान बेहोश हो गए। उन्हें यातायात पुलिस सदर अस्पताल लाई। जहां घायल प्रधान का इलाज चल रहा है।