माशूका से नोकझोंक के बाद खुदकुशी का प्रयास
फतेहपुर। मामूली सी बात पर माशूका से हुई नोकझोंक के बाद घर लौटे आशिक ने जहर खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। इस बीच बेटे के जहर खाने की जानकारी मिलते ही परिजन जान बचाने के लिए उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास करने लगे। जान देने पर अमादा आशिक ने इसी बीच मौका ताड़कर ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गये। जहां उसका इलाज चल रहा है। डाक्टरों ने हालत चिंताजनक बताई है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के महरहा गांव निवासी श्यामलाल राजगीर परिवार समेत तांबेश्वर मंदिर के समीप किराए के मकान में रहता है। उसका पुत्र हंसकुमार (19) इलाहाबाद से बीए की पढ़ाई कर रहा है। काफी लंबे समय से हंसकुमार की मोहल्ले की ही एक लड़की से आशनाई चल रही है। काफी दिनों से वह आशनाई के चक्कर में इलाहाबाद भी नहीं गया। जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। सोमवार की सुबह प्रेमिका का संदेश मिलने पर वह उससे मिलने के लिए निर्धारित स्थान पर चला गया। यहां हंसकुमार का प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। दोनों को जोर-जोर से बातचीत करते आसपास के लोगों ने भी सुना। इसके थोड़ी देर बाद वह अपने घर लौट आया। यहां वह एक कमरे में गया और पहले से रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। बेटे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसको इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। इसीबीच हंसकुमार ने मौका ताड़कर ब्लेड से हाथ की नस काट ली। नस कटते ही उसके दाहिने हाथ से खून का फौव्वारा छूटने लगा। घबड़ाए परिजनों ने आनन फानन युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिला अस्पताल में पूछने पर पिता कुछ बताने के बजाए फफककर रो पड़ा। अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है, इलाज चल रहा है।