कायमगंज। निकाय चुनाव में नामांकन का दौर संपन्न हो गया। सिंबल पर चुनाव लड़ाने की घोषणा करने वाली कांग्रेस पार्टी को नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कोई भी प्रत्याशी नहीं मिला। वहीं भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा के बाद नामांकन करा दिया था। बसपा व सपा अपने सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा रही है। इसके चलते इन दोनों पार्टियों से जुड़े नेताओं की पत्नियों ने नामांकन करा दिया है। इससे उनमे घमासान मचा है। सभी इस जुगत में हैं कि जैसे भी हो पार्टियों का ध्यान उनकी ओर रहे।
निकाय चुनाव के महासंग्राम में जिन लोगों ने नामांकन कराया है उनमें से कौन-कौन से महारथी मैदान में रहेंगे यह नाम वापसी के बाद ही साफ हो सकेगा। बसपा व सपा सिंबल से चुनाव न लड़ाने की घोषणा कर चुकी है। सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राजीव गुप्ता की पत्नी शालिनी गुप्ता व सपा नेता रामप्रकाश उर्फ कल्लू यादव की भाभी श्यामा देवी, सपा नेता सत्यनारायण वर्मा की पत्नी मोनिका नामांकन करा चुकी हैं। यह लोग नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए लड़ने का पूरा मन भी बना चुके हैं। लेकिन यह लोग यह भी चाहेंगे कि पार्टी के कार्यकर्ता उनकी मदद करे। वहीं बसपा बसपा से जुड़े डा. शरद गंगवार की पत्नी रीता, शकील मंसूरी की पत्नी भी चुनाव मैदान में हैं। यह लोग भी पार्टी से जुड़ा वोट चाहते हैं। साथ ही यह भी चाहते हैं कि संगठन का झुकाव इनकी तरफ हो। इन पार्टियों में कोशिश की जा रही है कि इस महासंग्राम में एक ही योद्वा रणभूमि में रहे। इधर भाजपा ने मंजू राठौर को चुनाव मैदान में उतारा है। लेकिन कांग्रेस ने निकाय चुनाव में पूरी दमदारी के साथ सिंबल पर चुनाव लड़ाने की घोषणा से यहां की स्थिति गडबड़ाई नजर आ रही है। नामांकन के आखिरी दिन तक किसी भी कांग्रेस के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सैय्यद आफताब हुसैन ने बताया कि कायमगंज से किसी ने भी उनके पास आवेदन नहीं किया।