कमालगंज। गंगा दशहरा पर श्रंगी ऋषि की तपोभूमि श्रंगीरामपुर में गुरुवार को आस्था का सैलाब उमड़ेगा। यहां पर कई प्रांतों के श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने की आते हैं। पुलिस प्रशासन ने मेला में पुलिस फोर्स के अलावा गोताखोर लगाने की व्यवस्था कर दी है।
जेठ मास के शुक्ल पक्ष में गंगा दशहरा पर प्रतिवर्ष श्रंगीरामपुर में मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा प्रांत के श्रद्धालु यहां पर गंगा नदी में डुबकी लगाने के लिए आते हैं। गंगा दशहरा का पर्व गुरुवार को है। इस दिन यहां पर अस्था का सैलाब उमड़ेगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने चार उप निरीक्षक, दो महिला कांस्टेबिल, 12 आरक्षी सिपाही, डेढ़ सेक्शन पीएसी को तैनात करने की व्यवस्था की है। पुलिस फोर्स बुधवार दोपहर बाद अपनी डयूटी पर मुस्तैद हो जाएगा। मेला प्रभारी उप निरीक्षक रमेश चंद गौतम को बनाया गया है। मेला प्रभारी ने बताया कि गहराई वाले स्थान को चिन्हित कर दिया गया है। मेला प्रभारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मेला में गोताखोर भी मौजूद रहेंगे। जहां पर महिलाएं स्नान करेंगी वहां पर महिला कांस्टेबिल ड्यूटी पर रहेंगी। पुलिस अराजकतत्वों के अलावा जेबकतरों पर कड़ाई से नजर रखेखी।