मोहम्मदाबाद। नगर पंचायत मोहम्मदाबाद अध्यक्ष पद की सीट महिला होने के कारण कोई अपनी पत्नी तो कोई मां और भाभी को लड़ाने के लिए सक्रिय हो गया है। सभी लोग अपने-अपने तरीके से जनता के बीच पैठ बनाने में लग गए हैं।
नगर पंचायत मोहम्मदाबाद की कुल आबादी करीब 24474 है। यहां पहला चुनाव वर्ष 1995 में हुआ था, जिसमें पूर्व आईजी भारत सिंह पहले अध्यक्ष बने थे। वर्ष 2001 में नगर पंचायत का दूसरा चुनाव अशोक कुमार यादव ललुआ ने जेल से जीता था। तीसरे चुनाव में पिछड़ी जाति महिला की सीट हो जाने के कारण ललुआ ने अपनी पत्नी उषा देवी को वर्ष 2006 में चुनाव जितवाया था। मोहम्मदाबाद नगर पंचायत में कुल 15 वार्ड हैं। इस पंचायत ने अब तक तीन अध्यक्ष दिए हैं। लेकिन सर्वाधिक महत्वपूर्ण जल निकास की समस्या का अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अधिकांश बस्तियों में सड़कों पर पानी भरा है। करीब दो सप्ताह पहले स्कूली बच्चों ने इसको लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर विरोध भी जताया था। इस बार महिला सीट होने के कारण भावी उम्मीदवार अपने घर की महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी करने लगे हैं। संजू यादव, रामसेवक यादव, अमर सिंह राजपूत, अशोक कुमार, गोपाल यादव, ध्रुव यादव, उमाकांत यादव, जसवीर सिंह आदि ने मतदाताओं से संपर्क साधना भी शुरू कर दिया है।