कायमगंज। भाकियू ने गुरुवार को नगर पालिका से संबंधित समस्याओं के अलावा बिजली, अवैध बालू खनन आदि दिक्कतों के खिलाफ पालिका दफ्तर पर प्रदर्शन किया। बाद में जिलाधिकारी को संबोधित दो ज्ञापन तहसीलदार को सौंप।
तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार भाकियू के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह शाक्य, जिला महासचिव लक्ष्मीशंकर जोशी, तहसील अध्यक्ष गोपी सिंह शाक्य, नगरध्यक्ष मुन्नालाल सक्सेना कार्यकर्ताओं के साथ नगर पालिका परिसर पहुंचे और वहां दरी बिछाकर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान नेताओं ने कहा कि नगर पालिका के दो हैडपंप कर्मचारियों ने बेच लिए हैं। इसकी जांच कराई जाए। नगर पालिका बाउंड्रीवाल का किसका ठेका हुआ और कितने में हुआ बताया जाए। 27 नवंबर 2011 के बाद कितने हैडपंप क्रय किए गए और कितने लगाए गए। हैंडपंप का पुराना कबाड़ 24 नवंबर 2011 को कितना था और अब कितना है।
नगर को जनरेटर से दी जा रही लाइट में डीजल की चोरी हो रही है। इसकी जांच कराई जाए। वहीं भाकियू नेताओं ने कहा कि नगर पालिका परिषद के संपत्ति, स्टोर रजिस्टर की जांच कराई जाए। नगर की पेयजल व्यवस्था पर गंदा एवं कीडे़युक्त पानी में सुधार नजर नहीं आ रहा है। टंकी में क्लोरीन नहीं डलवाई गई। मच्छरों की समस्या को लेकर फागिंग कराई जाए। पटवन गली में लगे हैंडपंप के रिवोर नहीं कराने की जांच कराई जाए। भाकियू नेताओं ने अवैध बालू खनन रोके जाने, गंगा के किनारे बंधा बनाने, पेट्रोल की कीमत में हुई वृद्वि वापस लेने, चरमराई विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त कराने की मांग की। ओपी सिंह शाक्य, अफरोज मंसूरी, उमेश चंद्र बाथम, श्याम सिंह राजपूत, चंद्र सिंह जाट, मुस्करी, सुनीता देवी, रज्जोबेगम, मोरश्री, जमीला, सुखदेवी, सुल्ताना बेगम, रीना देवी, रेशम देवी, रानी, सुधा, मोमना, मीरा, सुनीता, पुष्पा, रामश्री, सीता, सितारा, मुन्नी देवी आदि लोग मौजूद थीं।