फर्रुखाबाद। आशा कार्यकत्री के साथ लोहिया महिला अस्पताल से गर्भवती महिला को दिखाकर ट्रैक्टर से घर लौटते समय प्राइवेट बस चालक ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में आशा कार्यकत्री और गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया गया। उधर, बस चालक वाहन समेत फरार हो गया।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव अहिलामई निवासी विश्राम सिंह कुशवाह की गर्भवती पत्नी रीता (28) को दिखाने के लिए आशा कार्यकत्री निर्मला पत्नी बलराम लोहिया महिला अस्पताल सवारी से आई थी। यहां उसकी डिलीवरी होने में समय था, जिस पर गर्भवती महिला और आशा कार्यकत्री घर के लिए रवाना हो गईं। दोनों सवारी पकड़ने जा रही थीं, तभी मसेनी चौराहे पर रीता के जेठ ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। उन्होंने दोनों को ट्रैक्टर पर बैठा लिया। चाचूपुर मोड़ के पास से गुजर रहा था, तभी प्राइवेट बस के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे गर्भवती महिला और आशा कार्यकत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में दोनों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशा कार्यकत्री को भर्ती कर लिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के जेठ जगमोहन ने बताया कि बहू के पहला बच्चा होने को था। इसलिए वह आशा के साथ अस्पताल से दिखाकर घर लौट रही थी। मसेनी चौराहे के पास आशा कार्यकत्री और रीता मिल गईं तो इन लोगों को ट्रैक्टर पर बैठा लिया था।