फर्रुखाबाद। बंदी रक्षक से विवाद होने पर कैदी मंगलवार की सुबह पेड़ पर चढ़ गया। यह देखकर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। काफी मिन्नतों के बाद कैदी करीब एक घंटे बाद पेड़ से नीचे उतरा। जेलर एसएन द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को बंदी रक्षक से बैरक में जाने को लेकर विवाद हो गया था। जिला कन्नौज थाना छिबरामऊ के अंमदाकला निवासी श्याम सिंह एक मामले में जिला जेल में सजा काट रहा है। बीती शाम श्याम सिंह का बंदी रक्षक से विवाद हो गया। उस समय तो वह कुछ नहीं बोला। आज सुबह करीब 8 बजे श्याम सिंह मौका मिलने पर पेड़ पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर जेल परिसर में मौजूद बंदी रक्षकों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी जेलर एसएन द्विवेदी को दी गई। सूचना मिलते ही जेलर के साथ ही अन्य कर्मचारी मौके पर आ गए। जेल प्रशासन कैदी को समझाने का प्रयास करता रहा लेकिन वह सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहता रहा। करीब एक घंटे बाद जेलर के काफी समझाने-बुझाने पर कैदी पेड़ से नीचे उतरा। कैदी के पेड़ पर चढ़ जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।