फर्रुखाबाद। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता देहात के कार्यालय पर जमकर गदर काटा। कार्यालय में घुसने से मना करने पर इनकी सुरक्षा गार्ड के साथ तनातनी भी हुई। यह जहानगंज सब स्टेशन की फुंकी ट्राली को ठीक कराए जाने की मांग लेकर पहुंचे थे।
जहानगंज सब स्टेशन की ट्राली काफी दिनों से खराब है। इसे सही नहीं कराया जा रहा है। इससे किसान परेशान हैं। बिजली न मिलने से वह फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इस बावत बिजली अधिकारी भी कुछ नहीं कर रहे हैं।
इससे खफा होकर भाकियू जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह शाक्य बडी़ संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर अधिशासी अभियंता एनसी मिश्रा के कार्यालय पर पहुंच गए। वह वहां मौजूद नहीं थे।
कार्यकर्ता कार्यालय में जाने लगे तो गार्ड ने रोक दिया। इस पर कार्यकर्ता बिफर गए। इनमें नोकझोक होने लगी। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। बाद में पहुंचे एनसी मिश्रा ने इनकी बात सुनकर ट्राली बदलने का आश्वासन दिया। कोरीखेड़ा का ट्रांसफार्मर भी बदलने के लिए कहा गया। आश्वासन के बाद की कार्यकर्ता विदा हुए।