फर्रुखाबाद। भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ कलेक्ट्रेट में तीन दिनों से चल रहे सर्वोदय मंडल और क्षेत्रीय गांधी आश्रम खादी भंडार के आंदोलन से प्रशासन की नाक में दम हो गई है। लेकिन कोई भी पक्ष अभी टस से मस नहीं हुआ है। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट भी अनशन स्थल पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर समस्याएं हल करने का आश्वासन देते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन शहर में जिलाधिकारी के न होने के चलते बात वहीं पर अटक गई। इसके साथ ही आमरण अनशकारियों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर दस हो गई है।
जिला पूर्ति कार्यालय के द्वार पर सर्वोदय मंडल और क्षेत्रीय गांधी आश्रम खादी भंडार का आमरण अनशन अनवरत जारी है। आमरण अनशन पर अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह ने अकेले शुरुआत की थी। दूसरे दिन अनिल कुमार सिंह कुशवाहा, मुन्नालाल राजपूत और वैद्य वीरेंद्र कुमार आर्य शामिल हो गए थे। तीसरे दिन शुक्रवार को आमरण अनशन पर छह अन्य लोग राधेश्याम वर्मा, कृष्ण कुमार शुक्ला, सुनील उपाध्याय, गिरीशचंद्र शर्मा, श्यामपाल सिंह यादव और बजरंग बहादुर सिंह भी बैठ गए। साथ ही बब्बनराम, अतुल शर्मा, ओम प्रकाश पाठक, रामबड़ई यादव, अनिल कुमार सिंह, राममूरत, शिवप्रसाद राय, कृष्ण कुमार कटियार, मौलाना हामिद हुसैन अंसारी, रमेश चंद्र गुप्ता, देवकी नंदन गंगवार और गोपालबाबू पुरवार का क्रमिक अनशन भी अनवरत जारी है।
शुक्रवार को अनशन स्थल पर सामूहिक यज्ञ किया गया। जिसमें उपस्थित लोगों इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डा.सुबोध वर्मा, सर्वोदय मंडल के अतुल शर्मा, सुजीत अवस्थी, गयाप्रसाद आर्य, द्वारिका प्रसाद, चंद्रपाल वर्मा, राजाखान, नीरज वर्मा, देवकीनंदन, रमेशचंद्र गुप्ता, उदयवीर, रतीराम आदि लोगों ने आहुति डाली। कई लोगों ने आंदोलन के दौरान बोलते हुए कहा कि सर्वोदय मंडल द्वारा उठाई गई सभी मांगे पूरी तरह से जायज हैं। समस्याओं, प्रशासनिक अनदेखी, अधिकारियों की सांठगांठ से जिले वासी परेशान हो गए हैं। प्रदेश में सरकार बदल गई लेकिन व्यवस्था नहीं बदली। इससे जनता के प्रति शासन और प्रशासन की कुत्सित मानसिकता साफ जाहिर होती है।
उधर अनशनकारियों ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा लिखित रूप से मांगे माने जाने तक यह आंदोलन चलता ही रहेगा। शुक्रवार को दोपहर के समय सिटी मजिस्ट्रेट भगवानदीन वर्मा पहुंचे। लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अनशनकारियों से बात की और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने का आश्वासन दिया। लेकिन बड़े मामलों पर जिलाधिकारी से वार्ता करने की बात कही। इसके बाद श्री वर्मा वहां से चले गए और अनशन जारी रहा। शुक्रवार को अनशन स्थल पर प्रख्यात कवि और शिक्षक संघ के नेता डा.शिव अंबर, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संरक्षक देवी सहाय पालीवाल, वरिष्ठ नागरिक रक्षक समिति महिला मंगल मंच की अध्यक्ष उर्मिला सिंह, लोक समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुल्तान सिंह आदि भी पहुंचे और अपना समर्थन देते हुए आंदोलन को मजबूती प्रदान की।