फर्रुखाबाद। रसोई गैस एजेंसियां मनमानी पर उतरी हुई हैं। जिला प्रशासन इनकी मनमानी पर रोक नहीं लगा पा रहा है। सपा नेता इस समस्या पर संजीदा हुए हैं। सोमवार को पूर्व विधायक व सपा नेता उर्मिला राजपूत ने जिला पूर्ति अधिकारी से भेंट कर इन पर कड़ाई किए जाने के लिए कहा है। डीएसओ ने इस समस्या पर रसोई गैस एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करने का आश्वासन दिया है।
शहर में रसोई गैस की कालाबाजारी चल रही है। उपभोक्ताओं को आपूर्ति नहीं दी जाती है। इसे मंहगे दामों पर बेंच लिया जाता है। इसको लेकर अक्सर हंगामा होता है। प्रशासन इनकी मनमानी पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। ग्राहकों की शिकायतों पर उर्मिला राजपूत ने डीएसओ आरएन चतुर्वेदी से भेंट की। उर्मिला राजपूत का कहना था कि ग्राहकों का हक काटकर एजेंसी मालिकान जेब भरने में लगे हुए हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। वाहनों में भी रसोई गैस का दुरूपयोग हो रहा है। इससे भी कालाबाजारी बढ़ती है। इसी के साथ ही घरेलू रसोई गैस का बड़े पैमाने पर व्यावसायिक उपयोग भी हो रहा है। ठेली वाले घरेलू सिलेंडर ही चला रहे हैं। डीएसओ ने कहा कि एजेंसियों को नियमों के तहत रसोई गैस वितरण के लिए चिट्ठी भेजी जा रही हैं। रसोई गैस कंपनियों के मालिकानों के साथ बैठक होगी। उन्हें एजेंसियों के इस खेल के बारे में बताया जाएगा। वाहनों में रसोई गैस के दुरूपयोग पर चेकिंग अभियान को को एआरटीओ को पत्र भेजा जा रहा है। घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।