अयोध्या। मणिराम दास की छावनी में शनिवार से राम कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ है। रामकथा महोत्सव का शुभारंभ करते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा की अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण से गौरव लौट रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या सप्त पुरियों में श्रेष्ठ है। इसकी महिमा का बखान शास्त्रों एवं वेदों में लिखा गया है। सदियों तक अयोध्या उपेक्षित रही लेकिन अब अयोध्या के गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है। अयोध्या में मंदिर निर्माण का उत्सव भी मनाया जा रहा है। हर रोज धार्मिक अनुष्ठान कथा, प्रवचन जैसे आयोजन अयोध्या की महिमा बढ़ा रहे हैं। इस दौरान संत धर्माचार्य व श्रद्धालु मौजूद रहे।