इटावा। जिले के सभी पौराणिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के पक्के तालाब का एक करोड़ से सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सिंचाई विभाग में प्रेसवार्ता कर दी।
उन्होंने कहा कि हजारी महादेव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए भी एक करोड़ रुपये बजट दिया जा चुका है। शहर के नीलकंठ मंदिर का भी जल्द ही सुंदरीकरण कराकर पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। इसके लिए अगले सप्ताह टीम सर्वे करने आएगी। बताया कि सफारी पार्क को भी विकसित किया जाएगा। जसवंतनगर की ऐतिहासिक रामलीला मैदान के सुंदरीकरण के लिए भी सरकार की ओर से 4.90 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
लखनऊ में 11 और 12 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में कुल साढ़े 12 लाख करोड़ के एमएमयू हो चुके हैं। प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए लोग उत्साहित हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लिए कहा कि उन्हें फोबिया हो गया है। वह अभी भी उसी धुन में हैं। उनके संरक्षण में पालतू अपराधियों ने संगठित अपराध किए। वह अपना चश्मा बदलें और अच्छे सुझाव दें। उनका स्वागत है। बताया कि इको टूरिज्म समिति का गठन होने के बाद पर्यटन बनाने को लेकर आने वाली बाधाओं का समाधान हो रहा है। सरकार की ओर से लोगों को पर्यटन स्थलों पर व्यवसाय करने के लिए जमीन, अनुदान समेत सभी संसाधन दिए जा रहे हैं। पर्यटन मंत्री नुमाइश पंडाल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कांग्रेस की यात्रा से भाजपा पर नहीं फर्क
कांग्रेस यात्रा के पूरे उत्तर प्रदेश में भ्रमण न करने के सवाल पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस यात्रा से भाजपा पर कोई फर्क नहीं है। इस यात्रा को लेकर विपक्ष के लोग विचार करें, क्योंकि कांग्रेस का वोट विपक्ष के दलों में ही बंट रहा है।