इटावा। नेशनल हाइवे-2 की तरह जल्द ही इटावा-मैनपुरी मार्ग पर चलने वाले वाहनों को फर्राटा भरने का मौका मिलेगा। शासन ने इटावा एनएच-2 से कुरावली के समीप एनएच-91 को फोरलेन मार्ग के जरिए जोड़ने का निर्णय लिया है। इस तरह से इटावा से सैफई के आगे तक 23 किमी की सड़क को टू लेन से फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का गांव सैफई अब जल्द ही फोरलेन हाईवे मार्ग पर आ जाएगा। इस बाबत कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। यह फोरलेन मार्ग इटावा से शुरू होकर मैनपुरी जनपद के कुरावली से होकर गुजरने वाले जीटी रोड एनएच-91 तक बनाया जाएगा। इसमें जनपद के हिस्से में इटावा से सैफ ई के आगे तक कुल 23 किमी का हिस्सा आएगा। फोरलेन मार्ग निर्माण में लोकनिर्माण विभाग के हिस्से में सड़क को चौड़ा करने की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा इस मार्ग पर करीब छोटी 40-45 पुलियां बनाई जाएंगी। 23 किमी के मार्ग में दो नदियां सिरसा व सेंगर हैं जबकि एक नहर पड़ती है। जिनपर पुलों का निर्माण सेेतु निगम कराएगा। शासन के आदेश पर दोनों ही विभागों ने अपना अपना आगणन तैयार करके शासन को भेज दिया है। धनराशि अवमुक्त होते ही कार्य शुरू हो जाएगा। मैनपुरी जनपद में पड़ने वाले हिस्से का कार्य लोकनिर्माण विभाग मैनपुरी द्वारा कराया जाएगा। मार्ग के बीच में डिवाइडर बनाए जाएंगे।
मार्ग के 23 किमी के हिस्से के लिए 89.24 करोड़ रुपए का आगणन स्वीकृत के लिए शासन को भेजा गया है। मार्ग टू-लेन से फोर-लेन में तब्दील करने के अलावा सुंदरीकरण भी कराया जाएगा- आर के सिंह (अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग)
इस मार्ग पर दो नदियों व एक नहर के पुल का निर्माण किया जाएगा। मार्ग पर नहर के पुल के लिए 3.79 करोड़, सिरसा नदी के पुल के लिए 5.09 करोड़ और सेंगर नदी के पुल के लिए 2.67 करोड़ कुल 11.55 करोड़ का आगणन शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है-आर के सिंह (प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम निर्माण इकाई)