इटावा। सपा सरकार बनते ही जिले में विकास कार्यों की झड़ी लग गई है। इसी क्रम में सेतु निर्माण निगम ने यमुना और चंबल नदी पर दो पुलों के लिए 86 करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इन प्रस्तावों के जून माह में पास होने की उम्मीद है। पुलों के निर्माण से आगरा और जालौन आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान हो जाएगा। इटावा से दोनों जिलों की दूरी 30 से 40 किमी तक की कमी आएगी।
दरअसल, सपा सरकार आते ही इन नदियों पर पुल की मांग उठने लगी थी। इसी बात को सपा हाईकमान ने गंभीरता से लिया। नतीजा, शासन की ओर से इन पुलों के निर्माण का प्रस्ताव मांगा गया। सेतु निर्माण निगम ने यमुना और चंबल नदी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया है। चंबल नदी पर महुआ सूड़ा से बंसरी के बीच पुल बनने से सिकरौड़ी, गढ़ाकास्दा, हनुमंतपुरा, बाबरपुरा होते हुए जालौन जाने का रास्ता सुलभ होगा। इस पुल के बनने से जालौन-इटावा आने जाने के लिए करीब 25 किमी की दूरी कम तय करनी होगी। इसी प्रकार जसवंतनगर क्षेत्र बलरई से आगरा जाना भी आसान होगा। यहां भी सेतु निगम ने यमुना नदी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव बना कर भेजा है। इस पुल का निर्माण होने से बलरई, तिजौरा, फकीरे की मड़ैया होते हुए पाड़ना जैतपुर से आगरा जाने का रास्ता उपलब्ध होगा। ये पुल बनने से करीब 40 किमी का सफर कम तय करना होगा।
720 मीटर लंबा होगा चंबल पर प्रस्तावित पुल
यमुना और चंबल नदी पर बनने वाले इन दोनों पुलों की प्रस्तावित लागत 86.10 करोड़ रुपए भेजी गई है। चंबल नदी पर महुआ सूड़ा से बंसरी के बीच प्रस्तावित पुल की लंबाई 720 मीटर होगी। इसमें 24 पिलर बनेंगे। एक से दूसरे पिलर की दूरी यानि स्पॉन 30 मीटर की होगी। इसमें 5 किमी की एडीशनल रोड भी जुड़ेगी। 200 मीटर लंबे पुल के दोनों ओर पीडब्लूडी एप्रोच मार्ग बनाएगा। इस पुल की प्रस्तावित लागत 59 करोड़ 74 लाख रुपए है।
यमुना नदी पर बलरई और फकीरे की मड़ैया के मध्य बनने वाले पुल की प्रस्तावित लागत 26 करोड़ 36 लाख रुपए है। इस पुल की लंबाई 450 मीटर होगी। पुल में 15 पिलर प्रस्तावित हैं। एक से दूसरे पिलर की दूरी 30 मीटर की रखी जाएगी।
सर्वे का कार्य शुरू
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक आरके सिंह के अनुसार इन दोनों पुलों के सर्वे का कार्य शुुरू हो चुका है। शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। जून या जुलाई माह तक स्वीकृति भी मिल सकती है। उन्होंने बताया कि सुनवारा यमुना नदी पुल 91 फीसदी और जसवंतनगर रेलवे पुल 93 फीसदी पूरे हो चुके हैं। उक्त दोनों पुल सितंबर माह तक चालू हो जाएंगे।