इटावा। महेवा ब्लाक प्रमुख मनीषा सविता ने सोमवार को समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर दी। सपा सुप्रीमो के अनुज राजपाल यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव के समक्ष वह पार्टी में शामिल हुई। ढाई वर्ष पूर्व उनके पति दिलीप सविता सपा में थे, बाद में बसपा में चले गए थे।
सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि करीब सवा वर्ष महेवा ब्लाक की बसपा से ब्लाक प्रमुख रहीं मनीषा सविता राजपाल यादव व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव की प्रेरणा और अपनी अंतरात्मा की आवाज पर सपा में शामिल हुई हैं। उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान मिलेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने कहा कि एक महिला होने के नाते मनीषा के पार्टी में आने से वह काफी खुश है। ब्लाक प्रमुख मनीषा सविता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद बसपा सरकार से ब्लाक के विकास की अपेक्षाएं लगाई थीं लेकिन एक वर्ष व दो माह के कार्यकाल में सिर्फ 11 लाख रुपया दिया। सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2014 है। लिहाजा पार्टी के बिछुड़े लोगों के पार्टी में आने पर स्वागत है। यह पूछे जाने पर कि पूर्व विधायक भी कतार में है तो उन्होंने कहा कि अभी ऐसा कुछ नहीं है। सपा नेता कृष्णमुरारी गुप्ता समेत सभी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आशीष राजपूत आदि मौजूद रहे।